श्री कृष्ण के अनन्य उपासक और वैष्णव सूरदास भक्ति काल के महान कवियों में शुमार है। उनके द्वारा ब्रज भाषा में रचित सूरसागर हिंदी साहित्य की अनमोल कृति है। चौरासी वैष्णवों की वार्ता के अनुसार ये सारस्वत ब्राह्मण थे। इनके पिता का नाम रामदास था। पुष्टि सम्प्रदायाचार्य महाप्रभु वल्लभाचार्य विक्रम संवत 1530 में अपनी ब्रज यात्रा के समय मथुरा में निवास कर रहे थे। वहीं सूरदास जी ने उनसे दीक्षा प्राप्त की थी. कहा जाता है कि एक बार सूरदास एक कुएं में गिर गए और छ: दिनों तक उसी में पड़े रहे। सातवें दिन भगवान श्री कृष्ण ने प्रकट होकर इन्हें बाहर निकाला और इन्हें दृष्टि प्रदान की । भगवान श्री कृष्ण के रूप-माधुर्य को देख लेने के बाद इन्होंने भगवान श्री कृष्ण से अन्धता का वर मांगा ‘‘मैंने जिन नेत्रों से आपका दर्शन किया, उनसे संसार के किसी अन्य व्यक्ति और वस्तु का दर्शन न करूं।’’ सूरदास की ज्योतिष की प्रतिभा भी जन्मजात थी, उन्होंने श्री कृष्ण कुंडली कुछ इस तरह बनाई है –
सम्वत्सर ईश्वर को भादो, नाम जो कृष्ण धरयो हैं।
रोहिणी, बुध आठै अंधियारी, हर्षन जोग परयो हैं।
वृष है लग्न, उच्च के उडुपति, तन को अतिसुखकारी।
दल चतुरंग चलै संग इनके, ह्वै हैं रसिक बिहारी।
पंचम बुध कन्या के शोभित, पुत्र बढ़ेंगे सोई।
छठे सुक्र तुला के सनिज, शत्रु बचै नहीं कोई।
ऊंच नीच जुवती बहु भोगें, सप्तम राहु परयो हैं।
केतु मूरति में श्याम बरन, चोरी में चित्त धरयो हैं।
भाग्य भवन में मकर महिसुत अति ऐश्वर्य बढ़ैगो।
द्विज गुरुजन को भक्त होइके, कामिनी चित्त हरैगो।
नवनिधि जाके नाभि बसत है, मीन बृहस्पति केरी।
पृथ्वी भार उतारै निहचै , यह मानो तुम मेरी।

भादो महीना में जन्म हुआ है हर्षण योग है, वृष राशि लग्न में है। उच्च के चन्द्रमा लग्न में केतु के साथ स्थित हैं। तन को बड़ा सुखकारी हैं। लग्न में चन्द्रमा के साथ केतु होने से चोरी में चित्त लगा रहेगा। इनके संग चतुरंग सेना चलेगी, ये रसिकबिहारी होंगे। चौथे सूर्य हैं जिससे ये सारी पृथ्वी की जीतेंगे। पंचम बुध उच्च का है जो इन्हें आध्यात्म का धनी और पुत्रवान करेगा। शुक्र स्वगृही है शनि के साथ है, कोई शत्रु बचेगा नहीं। सप्तम राहु है, कोई ऊंच नीच जाती की स्त्री नहीं बचेगी। नवम भाव में उच्च के मंगल हैं, उनका महान ऐश्वर्य होगा. मीन के बृहस्पति हैं इनको नवनिधियों की प्राप्ति होगी. मेरी बात मान लो, इन्होने पृथ्वी का भार उतारने के लिए ही जन्म लिया है.

